भारती विदर्भ प्रांत की द्विदिवसीय प्रांतीय बैठक वर्धा में संपन्न
वर्धा : विद्या भारती विदर्भ प्रांत की द्विदिवसीय प्रांतीय बैठक शनिवार 17 एवं रविवार 18 जनवरी को वर्धा में आयोजित की गई। बैठक के मंच पर विद्या भारती के प्रांत अध्यक्ष सचिन जोशी, प्रांत मंत्री रोशन आगरकर, सहमंत्री समीर थोडगे तथा वर्धा जिला अध्यक्ष मदन परसोडकर उपस्थित थे।
समापन सत्र में प्रांत अध्यक्ष सचिन जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि संघ शताब्दी वर्ष के अवसर पर संपर्क अभियान के माध्यम से संघ के सौ वर्षों के गौरवशाली इतिहास को घर-घर तक पहुँचाना तथा समाज में फैली भ्रांतियों को दूर कर प्रत्येक जिले तक विद्या भारती के कार्य का विस्तार करना हम सभी का कर्तव्य है। बैठक में सहमंत्री दिलीप जोशी ने पंचकोषात्मक विकास एवं ‘दायित्व बोध’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया कि पंचकोषात्मक विकास का संबंध विद्या भारती के पाँच आधारभूत विषयों से किस प्रकार जुड़ा हुआ है। वहीं सहमंत्री रणदीप बिसने ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप भारतीय पंचपदी शिक्षा पद्धति का सविस्तार विवेचन प्रस्तुत किया।
संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं ने कार्य को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर बल दिया। संघ शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विद्या भारती के कार्य को प्रत्येक जिले तक पहुँचाने का संकल्प व्यक्त किया गया। सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम की सफलता पर प्रांत एवं जिला संयोजकों का अभिनंदन किया गया। बैठक के दौरान जिलों की भौगोलिक रचना, संगठनात्मक जानकारी, जिला बैठकों की समीक्षा, संबद्ध शैक्षणिक संस्थान, विद्यालय एवं शिशुवाटिकाओं की जानकारी, आचार्य प्रशिक्षण वर्ग, संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सहभागी विद्यालयों एवं विद्यार्थियों की संख्या, सप्तशक्ति संगम की संख्यात्मक जानकारी, पिछले तीन महीनों में आयोजित विशेष कार्यक्रमों तथा आगामी सूर्यनमस्कार एवं वसंत पंचमी कार्यक्रमों की योजना जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक में क्षेत्रीय पदाधिकारी, विदर्भ एवं देवगिरी प्रांत के संगठन मंत्री, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, आधारभूत विषय प्रमुख, आयाम प्रमुख, गतिविधि प्रमुख, समरसता संगम संयोजिका एवं सहसंयोजिका, जिला अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री, सहमंत्री, जिला स्तरीय सप्तशक्ति संगम संयोजक तथा विद्या भारती विदर्भ प्रांत के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री एवं सहमंत्री प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।






