जयपुर। विद्या भारती ने भारतीय शिक्षा के विचारों को समाज तक पहुंचाने के लिए प्रचार विभाग को खड़ा किया है। व्यक्तिगत प्रसिद्धि के लिए हम काम नहीं करते हैं। भारतीय शिक्षा के विचार एवं विद्या भारती की सफलताओं, परिणामों और प्रभावी कार्यों के बारे में समाज को बताना अपना कार्य है। ये विचार 31 अप्रैल से एक मई 2022 तक जयपुर के जवाहर नगर स्थित सेवाधाम परिसर में संपन्न हुई विद्या भारती प्रचार विभाग की अखिल भारतीय बैठक के उद्घाटन सत्र में क्षेत्रीय संगठन मंत्री राजस्थान श्री शिव प्रसाद ने व्यक्त किए। विद्या भारती प्रचार विभाग के प्रभारी श्री सुधाकर रेड्डी ने कहा कि केवल विद्यालय चलाना ही हमारा कार्य नहीं है, शिक्षा क्षेत्र को प्रभावित करना भी अपना कार्य है। विद्या भारती के अखिल भारतीय मंत्री श्री अवनीश भटनागर ने बताया कि विद्या भारती में क्या-क्या चलता है, यह प्रचार विभाग के कार्यकर्ताओं को पता होना चाहिए। विद्या भारती के वैशिष्ट्य के विषयों को समाज के सामने लाना अपना कार्य है। विचार सामने आएगा तो समाज भी स्वीकार करेगा। अपने कार्य को बढ़ाने के लिए नये कार्यकर्ताओं को टोली में जोड़ना, सीखने-सिखाने का क्रम जारी रखना और प्रान्त की आवश्यकताओं के अनुसार 2025 तक अपना कार्य कहाँ तक पहुंचेगा, इसका चिन्तन कर शीघ्र योजना बनानी चाहिए।
आठ सत्रों में विभिन्न विषयों पर हुई चर्चा
विद्या भारती प्रचार विभाग की अखिल भारतीय बैठक आठ सत्रों में संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न प्रान्तों में चल रही गतिविधियों की जानकारी व समीक्षा, News mining and Analysis, Content dissemination, Content Audit, साइबर लॉ, यू-ट्यूब एल्गोरिथम, वीडियो कंटेंट निर्माण, संगठन व्यवस्था, राष्ट्रीय शिक्षा नीति एवं अमृत महोत्सव पर प्रचार विभाग की भूमिका पर विशेष रूप से चर्चा की गई। इसके अलावा प्रान्तों से अपेक्षाएं, अष्ट बिंदु योजना की जानकारी, Archive System on state level, Crowd sourcing जैसे विषयों पर विभिन्न अधिकारियों ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। व्यवहारिक अनुभव के लिए प्रतिभागियों को दैनिक भास्कर, राजस्थान पत्रिका एवं महानगर टाइम्स के कार्यालयों का भ्रमण कराया गया। जयपुर जिले के स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन कार्यों को दर्शाने के लिए बैठक स्थल पर प्रदर्शनी लगाई गई।
इस अवसर पर क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री राजस्थान श्री गोविन्द कुमार, क्षेत्रीय अध्यक्ष राजस्थान श्री भरत राम, प्रान्त संगठन मंत्री दिल्ली व प्रचार विभाग केन्द्रीय टोली के सदस्य श्री रवि कुमार, क्षेत्रीय सह मंत्री राजस्थान श्री प्रेम सिंह शेखावत एवं विश्व संवाद केंद्र जयपुर से श्री अशोक विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में देश भर के 11 में से 10 क्षेत्रों से 31 प्रान्तों का प्रतिनिधित्व करते हुए 73 कार्यकर्ता उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि विद्या भारती प्रचार विभाग की अखिल भारतीय बैठक गत पांच वर्षों से हो रही है। इस बैठक में प्रान्त प्रचार प्रमुख, प्रान्त संवाददाता और प्रान्त सोशल मीडिया प्रमुख भाग लेते हैं।