कलात्मक रूप से सुंदर संगीत है विज्ञानः डॉ. सोमनाथ
गुवाहाटी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के चेयरमैन डॉ. श्रीधर पणिक्कर सोमनाथ ने कहा कि आज दुनिया बड़े तकनीकी बदलाव के दौर से गुजर रही है। अब आपका कंप्यूटर सिस्टम आपको आपके दोस्तों से बेहतर जानता है। विज्ञान वास्तव में बहुत ही कलात्मक रूप से सुंदर संगीत है। श्रीमंत शंकरदेव कला क्षेत्र में विद्या भारती के प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में इसरो चेयरमैन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के प्रभाव को बताते हुए कहा कि जिस फोन का हम उपयोग कर रहे हैं वह धीरे-धीरे हमारे बारे में सीख रहा है। मशीन जानती है कि आप कौन हैं और आपको क्या पसंद है। यह भाषा सहित कई चीजों पर शासन करना शुरू कर देता है। इस नवीनतम तकनीकी प्रगति ने कई व्यवसायों के लिए भी चुनौती खड़ी कर दी है। इसरो (ISRO) चेयरमैन ने राष्ट्र के अतीत के गौरव को समझने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि यदि आपमें कृतज्ञता है तो आपको प्रगति के लिए प्रेरणा की आवश्यकता नहीं है। आपको अपने माता-पिता, शिक्षकों, राष्ट्र और सभी के प्रति आभारी होना चाहिए। एक सवाल के जवाब में कहा कि चंद्रमा के बारे में कई सवालों के जवाब ढूंढने के लिए अभी कई और मिशनों की जरूरत है। इस अवसर पर प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के चांसलर प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी, कुलपति प्रोफेसर स्मृति कुमार सिन्हा, रजिस्ट्रार प्रोफेसर जोगेश काकाती, आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रोफेसर परिमल चंद्र भट्टाचार्य और राज्य सरकार के शिक्षा सलाहकार प्रोफेसर नानी गोपाल महंत आदि उपस्थित रहे।